Showing posts with label हिंदी कविता. Show all posts
Showing posts with label हिंदी कविता. Show all posts

Monday, February 7, 2011

जो कि मैं हूँ : परमेन्द्र सिंह

देवताओं से कम लोलुप
राक्षसों से कम आततायी
धूप-धूल-धुएँ से सना
अधूरी इच्छाओं का शिकायती दस्तावेज
जो कि मैं हूँ -

सखेद सूचना की मजबूरी-सा
समय के बोर्ड पर टँगा
जो कि मैं हूँ -
अपने जीवन की कहानी का नायक ढूँढ़ता एक्स्ट्रा

कृपया मुझसे किसी के घर का पता न पूछें
यह शहर मेरा है पर नया हूँ मैं यहाँ
मेरे लिए सब रास्ते अजनबी हैं
जहाँ लोग एक पंक्ति के अँधेरे से
दूसरे अँधेरे में प्रवेश कर रहे हैं

इस अजनबी शहर में
या तो लोग सपनों के तले दबे पड़े हैं
या सपने लोगों तले।

मुझसे मेरी कविता का अर्थ भी न पूछो
जहाँ अक्सर वही गुना जाता है कई गुना
जो कहा नहीं गया कभी
वहाँ सिर्फ भाषा में उकेरी गयी बेहोशी है

मैं सिर्फ अपने दर्द को जानता हूँ और चूँकि
भाषा के बाहर उनके मामूली हो जाने का डर है
इसलिए उसे कविता के पिटारे में रखा है
और पीड़ा का दिव्य चोला धारण किया है।

मुझे अपनी आवाज प्राचीन समय की नाल से आती सुनाई देती है
इसीलिए मैं अपनी जबान को
किसी और के मुँह में रखता हूँ
और अभिव्यक्ति की आजादी का लुत्फ उठाता हूँ।

Sunday, December 12, 2010

गुनगुना रहा है डीयर पार्क : रमेश प्रजापति


गनीमत है कि
टुकड़ा-टुकड़ा बिखरी जिन्दगी को समेटने में
मैं अभी जिंदा हूँ समय की भयावहता के बीच
और चाहता हूँ खुलकर हँसना
काल की निर्दयता पर
एक पूरी साहित्यिक दुनिया है डीयर पार्क
और इस दुनिया में ध्रुव तारे की तरह
चमकते हैं पंड़ित विश्वनाथ त्रिपाठी

बाज़ारवाद के शोर में मानवता की उर्वरा भूमि
धीरे-धीरे होती जा रही है बंजर
टेढ़े-मेढ़े जीवन के रास्ते
आज कुछ ज्यादा ही हो गए हैं कठोर
पर दिलशाद गार्डन के ‘डीयर पार्क’ का रास्ता
खुलता है अभी भी हमारे घर की ओर
झिलमिला रहा है आँखों में
अपनेपन से भरे
मुस्कुराते रहते हंै पंडित विश्वनाथ त्रिपाठी

सुबह काम पर निकले व्यक्ति की प्रतीक्षा में
घरभर की आँखें बिछ जाती हैं जब
शाम के धुँधलके में डूबे रास्तों पर
बढ़ जाती है हमारी चिंतामग्न चहलकदमी
इस विद्रूप समय में ‘डीयर पाकर्’ में बैठे सभी संगी-साथी
बँधाते हंै एक-दूसरे का धीरज
और दुनिया को देखते है अपनी नज़रों से
दरअसल डियर पार्क से दूर होना
दुनिया से दूर होना है


जबकि घृणा का कोई स्थान नहीं जीवन में
परंतु सच को सच कहना बन जाती है जब गले की हड्डी
तब आत्मा के लहू से
कपड़ों पर बिखर जाते हैं सूर्ख छींटे
ग्लानि के समुद्र में उठतीं-गिरतीं लहरों पर
आहत होता रहता है डीयर पार्क

साहित्य में आई क्रूर हवाओं पर उँगली उठाते
डीयर पार्क की हरियाली पर बैठे
कुछ दोस्त
बखूबी समझते हैं अपनी जिम्मेवारी
दुःखों के गहरे अंधकार में भी
परछाईं की तरह नहीं विलुप्त होता डीयर पार्क
और हम सब का प्यारा दोस्त
झकझोर कर झुटपुटे की चादर
झिलमिला देता है हमारे हिस्से के अँधेरे की सघनता

तमाम सामाजिक विद्रूपताओं के बावजूद
गनीमत है कि
सही-सलामत घूम रही है धरती
अपनी धुरी पर
दिशाएँ टिकी हैं अपनी जगह पर
पेड़ गा रहे है हरियाली का गीत
आदमी के स्वप्न में चहक रही है चिड़ियाएँ
और अपनी सौम्यता के साथ
गुनगुना रहा है अभी भी
दिलशाद गार्डन का डीयर पार्क!

Wednesday, November 10, 2010

पलाश कुमार की कविताएँ



सौ बीघा (धनबाद मुख्यालय से कोई पंद्रह किलोमीटर दूर कुसुंडा क्षेत्र में एक कालोनी हुआ करता था सौ बीघा. वहीँ कोयले खदानों, कोयले, पुटुष की झाड़ियों, बारूद घर, बत्ती घर, चानक (जहाँ से कोयला काटने वाले मजदूर धरती के अन्दर जाते हैं ) आदि के बीच पला बढ़ा. अब सौ बीघा नहीं है. उसी सौ बीघा को समर्पित यह कविता .)


सौ बीघा
नहीं पता
किसने कब दिया तुम्हें
यह नाम लेकिन तुम्हार विस्तार
कहीं अधिक था
तुम्हारे नाम से.
तुम्हारी कोख में
हर वक्‍त पलती थीं
हजारों जिंदगियां धौरों* में बटे तुम
वास्तव में एक ही थे
एक ही रक्त प्रवाहित होता था
और साँसें भी एक साथ चलती थीं

ऊपरी धौरे से
निचले धौरे के बीच
एक ही हवा बहती थी
एक ही ख़ुशी से
खुश होते थे तुम
जैसे पगार के दिन
दशहरा/दिवाली/होली/ईद में
एक ही रंग में रंगे होते थे तुम
निचले धौरे के सबसे आखिर में
था एक माजर
पहली बार कव्‍वाली सुनी थीं वहीं
और
चैता/विरहा/रामलीला और
परदे वाला सिनेमा
सब याद हैं मुझे
चानक के
बड़े बड़े चक्कों के शोर से
सोता था
जागता था
जीता था
सौ बीघा
बत्ती घर के
रैकों पर चार्ज होती
हजारों बत्तियां
युद्ध के मैदान में हथियार सी लगती थी
और हर बत्ती की जांच करते और
बत्ती का नंबर नोट करते
बत्ती बाबू
सौ बीघा के हर घर के
मांग की सिन्दूर थे
क्योंकि खादान के भीतर
बत्ती बुझ जाने का मतलब होता था
जिन्दगी का बुझ जाना
तुम्हारे बीचो बीच
हुआ करता था
एक बारूद घर
जहाँ मनाही थी
जाने की
रहस्य ही बना रहा
वह बारूद घर
ख़त्म होने तक
याद करो पंडित स्कूल
और शनिवार की आखिरी कक्षा
जहां हुआ करता था
सांकृतिक कार्यक्रम
अपनी पहली कविता
वहीं सुनायी थी मैंने

स्कूल के पीछे
शिव मंदिर के
पंडित जी की छोटी बेटी
मुस्‍कराती थी शर्माती थी



झरिया
सुना होगा
मुहावरा आपने
आग से खेलना
लेकिन
हम झारियावाले
आग जी रहे हैं
पीढ़ियों से
आग ओढना
बिछौना आग
आग पर चलना
आग से खेलना
हमारा शौक नहीं है
मजबूरी है
जो अफसर, सरकार, मंत्री के
बदलने के साथ
नहीं बदली
बढ़ती ही गई आग
पेट में
आँखों में
ह्रदय में
और कोयले में
झरिया
जहाँ पीपल के नीचे के हनुमान जी की मंदिर में
कुस्ती लड़ते थे दद्दा
सुना है अंग्रेजो के भी पटक दिया करते थे
जहाँ ठेहुनिया दे के चलना सीखे थे
बाबूजी हमारे
और हम एक धौरा से दुसरे धौरा
साइकिल हांकते रहते थे दिन भर
जिसको हमारे पसीने की गंध का भी पता है
अब नहीं रहेगा
ध्वस्त कर दिया जायेगा झरिया
और झरिया में पलने वाले सपने
झरिया
एक शहर नहीं है
देशवासियों
एक घर है
जो जल रहा है
जो टूट रहा है
बिखर रहा है
विस्थापित हो रहा है

Thursday, September 2, 2010

असद जैदी की कविताएँ

असद जैदी के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर उनकी दो कविताएँ यहाँ ‘कविता कोश’ से साभार पोस्ट कर रहे हैं।


पानी


जब तक में इसे जल न कहूँ
मुझे इसकी कल.कल सुनाई नहीं देती
मेरी चुटिया इससे भीगती नहीं
मेरे लोटे में भरा रहता है अन्धकार
पाणिनी भी इसे जल कहते थे
पानी नहीं
कालान्तर में इसे पानी कहा जाने लगा
रघुवीर सहाय जैसे कवि
उठकर बोलेः
ष्पानी नहीं दिया तो समझो
हमको बानी नहीं दिया।
सही कहा . पानी में बानी कहाँ
वह जो जल में है।


शनिवार


सुबह.सुबह जब मैं रास्ते में रुककर फ़ुटफाथ पर झुककर
ख़रीद रहा था हिंदी के उस प्रतापी अख़बार को
किसी धातु के काले पत्तर की
तेल से चुपड़ी एक आकृति दिखाकर
एक बदतमीज़ बालक मेरे कान के पास चिल्लाया..
सनी महाराज!


दिमाग सुन्न ऐनक फिसली जेब में रखे सिक्के खनके
मैंने देना चाहा उसको एक मोटी गाली
इतनी मोटी कि सबको दिखाई दे गई
लड़का भी जानता था कि
पहली ज़्यादती उसी की थी
और यह कि खतरा अब टल गाया


कहाँ के होघ् मैंने दिखावटी रुखाई से पूछा
और वो कम्बख़्त मेरा हमवतन निकला
ये शनि महाराज कौन हैं
उसने कहा॥ का पतौण्ण्ण् !


इसके बाद मैंने छोड़ दी व्यापक राष्ट्रीय हित की चिंता
और हिंदी भाषा का मोह
भेंट किए तीनों सिक्के उस बदमाश लड़के को।

Monday, August 2, 2010

व्योमेश शुक्ल को बधाई


नयी पीढ़ी की बुलंद आवाज़ के प्रतिनिधि कवि व्योमेश शुक्ल को भारत भूषण अग्रवाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया हैउनको शब्द-शक्ति की और से हार्दिक बधाईइस अवसर पर विष्णु खरे की इन पंक्तियों के साथ उनकी दो कविताएं प्रस्तुत है -
‘‘जब आपका मुक़ाबला व्योमेश शुक्ल जैसे प्रतिभावान युवा हिन्दी कवि से होता है तो आप सिर्फ उसे समझने के लिए नहीं,स्वयं अपना दिमाग साफ करने के लिए भी एक पहला उपक्रम तो यह करते हैं कि उसे और उस जैसे अन्य युवा हिन्दी कवियों को किस परम्परा के परिप्रेक्ष्य में देखना शुरू किया जाए। प्रारम्भ में ही ऋग्वेद और महाभारत की काव्य-प्रवृत्तियाँ याद आती हैं जो कबीर, रहीम, रसखान, मीर, नज़ीर, ग़ालिब, हरऔध, छायावादी चतुमूर्ति-विशेषतः निराला,मुक्तिबोध,शमशेर,नागार्जुन,त्रिलोचन,भवानी प्रसाद मिश्र से होती हुई हमें रघुवीर सहाय तक पहुँचाती हैं,लेकिन एकदम सूसामयिक संदर्भ में हमें व्योमेश शुक्ल जैसे 21 वीं सदी के पहले दशक के युवा हिन्दी कवि मुख्यतः मुक्तिबोध और रघुवीर सहाय के अपेक्षाकृत बड़े सिलसिले या प्रबलतर धारा के हरावल में दिखाई से देते हैं।’’
-विष्णुखरे
चौदह भाई बहन
झेंप से पहले परिचय की याद उसी दिन की
कुछ लोग मुझसे पूछे तुम कितने भई बहन हो
मैंने कभी गिना नहीं था गिनने लगा
अन्नू दीदी मीनू दीदी भानू भैया नीतू दीदी
आशू भैया मानू भैया चीनू दीदी
बचानू गोल्टी सुग्गू मज्जन
पिण्टू छोटू टोनी
तब इतने ही थे
मैं छोटा बोला चौदह
वे हँसे जान गये ममेरों मौसेरों को सगा मानने की मेरी निर्दोष गलती
इस तरह मुझे बताई गई
माँ के गर्भ और पिता के वीर्य की अनिवार्यता
और सगेपन की रूढ़ि

बूथ पर लड़ना
पोलिंग बूथ पर कई चीज़ों का मतलब बिल्कुल साफ़
जैसे साम्प्रदायिकता माने कमल का फूल
और साम्प्रदायिकता-विरोध यानी संघी कैडेटों को फर्जी वोट डालने से रोकना
भाजपा का प्रत्याशी
सभी चुनाव कर्मचारियों
और दूसरी पार्टी के पोलिंग एजेंटों को भी, मान लीजिये कि आर्थिक विकास के तौर पर एक समृद्ध
नाश्ता कराता है
इस तरह बूथ का पूरा परिवेश आगामी अन्याय के प्रति भी कृतज्ञ
ऐसे में, प्रतिबद्धता के मायने हैं नाश्ता लेने से मना करना

हालाँकि कुछ खब्ती प्रतिबद्ध चुनाव पहले की सरगर्मी में
घर-घर पर्चियां बांटते हुए हाथ में वोटर लिस्ट लिए
संभावित फर्जी वोट तोड़ते हुए भी देखे जाते हैं
एक परफेक्ट होमवर्क करके आए हुए पहरुए
संदिग्ध नामों पर वोट डालने आए हुओं पर शक करते हैं

संसार के हर कोने में इन निर्भीकों की जान को खतरा है
इनसे चिढ़ते हैं दूसरी पार्टियों के लोग
अंततः अपनी पार्टी वाले भी इनसे चिढ़ने लगते हैं
ये पिछले कई चुनावों से यही काम कर रहे होते हैं
और आगामी चुनावों तक करते रहते हैं
ऐसे सभी प्रतिबद्ध बूढ़े होते हुए हैं
और इनका आने वाला वक्त खासा मुश्किल है

अब साम्प्रदायिक बीस-बीस के जत्थों में बूथ पर पहुँचने लगे हैं
और खुलेआम सैफुनिया सईदा फुन्नन मियाँ जुम्मन शेख अमीना और हामिद के नाम पर वोट डालते हैं
इन्हें मना करना कठिन समझाना असंभव रोकने पर पिटना तय

इनके चलने पर हमेशा धूल उड़ती है
ये हमेशा जवान होते हैं कुचलते हुए आते हैं
गालियाँ वाक्य विन्यास तय करती हैं चेहरे पर विजय की विकृति
सृष्टि में कहीं भी इनके होने के एहसास से प्रत्येक को डर लगता है

एक चुनाव से दूसरे चुनाव के बीच के अंतराल में
आजकल
फिर भी कुछ लोग इनसे लड़ने की तरकीबें सोच रहे हैं

Friday, July 30, 2010

अश्वघोष की कविताएं




सदियों से भूखी औरत
सदियों से भूखी औरत करती है सोलह सिंगार
पानी भरी थाली में देखती है चन्द्रमा की परछाईं
छलनी में से झाँकती है पति का चेहरा
करती है कामना दीर्घ आयु की

सदियों से भूखी औरत
मन ही मन बनाती है रेत के घरौंदें
पति का करती है इन्तज़ार
बिछाती है पलकें
ऊबड़ खाबड़ पगडण्डी पर
हर व़क्त गाती है गुणगान पति का
बच्चों में देखती है उसका अक्स

सदियों से भूखी औरत
अन्त तक नहीं जान पाती उस तेन्दुए की प्रवृति
जो करता रहा है शिकार
उन निरीह बकरियों का
आती रही हैं जो उसकी गिरफ्त में
कहीं भी किसी भी समय।



ग़ज़ल-१
जो भी सपना तेरे-मेरे दरमियाँ रह जाएगा
बस वही इस ज़िंदगी का दास्ताँ रह जाएगा

कट गए हैं हाथ तो आवाज़ से पथराव कर
याद सबको यार मेरे ये समाँ रह जाएगा।

भूख है तो भूख का चर्चा भी होना चाहिए
वर्ना घुटकर सबके मन में ये धुआँ रह जाएगा।

ये धुँधलके हैं समय के, सोचकर परवाज़ कर
यों ही बादल फट गया गर, तू कहाँ रह जाएगा।

जो भी पूछे तो अदालत, बोल देना बेझिझक
तू रह पाया तो क्या, तेरा बयाँ रह जाएगा।


ग़ज़ल -
सिलसिला ये दोस्ती का हादसा जैसा लगे
फिर तेरा हर लफ़्ज़ मुझको क्यों दुआ जैसा लगे।

बस्तियाँ जिसने जलाई मज़हबों के नाम पर
मजहबों से शख़्स वो इकदम जुदा जैसा लगे।

इक परिंदा भूल से क्या गया था एक दिन
अब परिंदों को मेरा घर घोंसला जैसा लगे

घंटियों की भाँति जब बजने लगें खामोशियाँ
घंटियों का शोर क्यों जलजला जैसा लगे।

बंद कमरे की उमस में छिपकली को देखकर
ज़िन्दगी का ये सफ़र इक हौसला जैसा लगे।

Thursday, July 22, 2010

परमेन्द्र सिंह की कविताएँ


मेरा दुःख
मेरा दुख मिटा नहीं
खो गया -
अख़बार की ख़ूनी ख़बरों में
उबलती नदियों पर जमी बर्फ़ में


मेरा
दुःख मिटा नहीं
कट गया -
बच्चों की दूधिया हँसी से
किसान की दराँती से


मेरा दुःख मिटा नहीं

बदल गया -
विज्ञापन में और बिक गया।

लगभग जीवन

अधिकांश लोग जी रहे हैं
तीखा जीवन
लगभग व्यंग्य
अधिकांश बँट गए से बचे
लगभग जीवन में

अधिकांश पर
बैठी मृत्यु

लगभग स्वतंत्र
अधिकांश लोगों में
स्वतंत्र होने की चाह

स्वतंत्रता के बाद भी


लगभग नागरिकों की
अधिकांशतः श्रेष्ठ नागरिकता
लोकतंत्र का लगभग निर्माण कर चुकी है
अधिकांश लोग लगभग संतुष्ट हैं
शेष अधिकांश से लगभग अधिक हैं।